रांची
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में हाथियों के हमले में दो ग्रामीणों की मौत के बाद राज्य सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। उन्होंने साफ कहा कि घायलों का पूरा इलाज राज्य सरकार अपने खर्च पर कराएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. इरफान अंसारी और मंत्री योगेंद्र प्रसाद रांची स्थित रिम्स पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने हाथी हमले में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और सभी घायलों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि भर्ती चार बच्चे और एक महिला फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उनका उपचार जारी है।
मंत्री इरफान अंसारी ने पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना जताई और भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेगी।
लगातार बढ़ रही हाथी हमलों की घटनाओं पर दोनों मंत्रियों ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जंगलों का सिकुड़ना और मानव बस्तियों का विस्तार भी ऐसी घटनाओं की बड़ी वजह बन रहा है। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि मानव और वन्यजीव के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए ठोस और दीर्घकालिक उपाय सुझाए जाएं।
.jpeg)
रिम्स-2 पर सरकार गंभीर
इस दौरान मंत्रियों ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिम्स के विस्तार और बेहतर आधारभूत ढांचे के लिए सरकार गंभीर है और बड़े राज्य की जरूरतों को देखते हुए रिम्स-2 की दिशा में भी विचार किया जा रहा है।
सरकार ने दोहराया कि हाथी हमले से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
.jpeg)